बिहार में राहुल गांधी की गाड़ी से पुलिसकर्मी घायल, BJP बोली- “जनता कुचलो यात्रा”
नवादा (बिहार): कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंगलवार को एक हादसा हो गया। नवादा जिले में यात्रा के बीच उनकी गाड़ी से एक पुलिसकर्मी टकरा गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। इस घटना को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है और इसे “जनता कुचलो यात्रा” करार दिया है।
क्या है मामला?
राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर हैं। मंगलवार को यात्रा नवादा जिले से गुजर रही थी। इस दौरान राहुल गांधी और महागठबंधन के कुछ अन्य नेता एक खुली जीप में सवार थे। अचानक वाहन के सामने चल रहे एक पुलिसकर्मी को टक्कर लग गई।मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और नेताओं ने तुरंत पुलिसकर्मी की मदद की।
राहुल गांधी ने की मदद
हादसे के बाद राहुल गांधी ने घायल पुलिसकर्मी को अपने वाहन में बैठाया और पानी की बोतल दी। सूत्रों के अनुसार, पुलिसकर्मी को हल्की चोटें आईं लेकिन स्थिति सामान्य है।
BJP का पलटवार
इस घटना को लेकर भाजपा ने राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। पार्टी नेता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा –
“राहुल गांधी की कार ने एक पुलिस कांस्टेबल को कुचल दिया। वंशवादी नेता नीचे उतरकर हालचाल तक नहीं पूछे। यह वोटर अधिकार यात्रा नहीं बल्कि जनता कुचलो यात्रा है।”
- कांग्रेस इस यात्रा को जनता के अधिकारों से जोड़कर प्रचारित कर रही है।
- भाजपा ने इसे जनता के अपमान से जोड़ते हुए नया राजनीतिक मुद्दा बना दिया है।
- हादसा भले ही मामूली रहा हो, लेकिन चुनावी माहौल में इसके बड़े राजनीतिक नतीजे हो सकते हैं।






