Bihar Election 2025: चिराग पासवान का यू-टर्न, बोले – “चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही होंगे मुख्यमंत्री”
बिहार में अक्टूबर-नवंबर 2025 के बीच 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव संभावित हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इसी बीच लोजपा (रामविलास) प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने सुरों में अचानक बदलाव करते हुए कहा है कि “चुनाव के बाद नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री बनेंगे।” यह बयान इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि हाल ही में चिराग पासवान बीते कुछ समय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार पर लगातार हमलावर रहे हैं। उन्होंने कई बार बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी।
चिराग पासवान ने क्या कहा?
चिराग पासवान ने सोमवार को कहा,
“मैंने हमेशा प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी निष्ठा जताई है। चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लड़े जाएंगे। और चुनाव परिणामों के बाद, नीतीश कुमार एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। निश्चित तौर पर वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।”
कुछ समय पहले था तीखा विरोध
कुछ ही दिन पहले चिराग पासवान ने नीतीश कुमार सरकार की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि
“मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार का समर्थन कर रहा हूं जहां अपराध बेकाबू हो गए हैं। प्रशासन अपराधियों के सामने नतमस्तक हो गया है। सरकार को समय रहते सख्त कदम उठाने चाहिए।”
उनका यह बयान विपक्ष की आलोचना से मिलता-जुलता था, लेकिन अब अचानक बदले रुख ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025: मुकाबला दिलचस्प
बिहार में विधानसभा चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में संभावित हैं। कुल 243 सीटों पर चुनाव होंगे, और बहुमत के लिए किसी भी गठबंधन को 122 सीटों की जरूरत होगी।






