कांटा लगा गर्ल’ शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में निधन, हार्ट अटैक बना मौत की वजह – बॉलीवुड में शोक की लहर

अस्पताल के रिसेप्शन से मिली जानकारी के अनुसार, शेफाली को मृत अवस्था में लाया गया था। इलाज के लिए हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन वे बच नहीं सकीं। बाद में उनका शव कूपर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मुंबई: मशहूर अभिनेत्री और डांसर शेफाली जरीवाला, जिन्हें ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से देशभर में पहचान मिली, अब हमारे बीच नहीं रहीं। शुक्रवार देर रात 42 वर्षीय शेफाली का दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में गहरा शोक है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही हो गई मौत
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात शेफाली को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उन्हें आनन-फानन में पति पराग त्यागी और तीन अन्य लोग लेकर अंधेरी के बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल पहुंचे। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। बेलेव्यू अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने भी इस दुखद खबर की पुष्टि की। बाद में उनका शव कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कौन थीं शेफाली जरीवाला?
शेफाली का जन्म गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। उन्हें साल 2002 में ‘कांटा लगा’ गाने के रीमिक्स वीडियो से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इस गाने ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया और वे ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर हो गईं। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो और रियलिटी शोज़ में हिस्सा लिया। ‘बिग बॉस 13’ में उनकी भागीदारी ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया। वहां भी उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला।
बॉलीवुड और टीवी सितारों ने जताया शोक
शेफाली के निधन पर मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
- अभिनेता एली गोनी ने लिखा, “RIP शेफाली…”
- राजीव अदातिया ने कहा, “यह खबर दिल दहला देने वाली है।”
- अभिनेत्री मोनालिसा ने लिखा, “क्या सच में? यह चौंकाने वाला है।”
- दिव्यांका त्रिपाठी ने एक्स (Twitter) पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “मैं स्तब्ध हूं। इतनी जल्दी जाने की उम्मीद नहीं थी। उनके परिवार के लिए यह बहुत दुखद घड़ी है।”
अंतिम दर्शन और पार्थिव शरीर की स्थिति
शेफाली का पार्थिव शरीर फिलहाल कूपर अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। उनके पति पराग त्यागी, जिन्हें अस्पताल के बाहर बेहद गमगीन देखा गया, इस पूरे समय में बेहद टूटे नजर आए।
अभी इंतजार है आधिकारिक बयान का
इस दुखद घटना के बाद अब सभी की निगाहें शेफाली के परिवार द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हैं। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हार्ट अटैक ही उनकी मौत की मुख्य वजह रही है।