छपरा में डबल मर्डर से सनसनी, घर से निकलते ही कारोबारी पर बरसी गोलियां

घटना शहर के उमा नगर की है, जहां व्यवसायी अमरेंद्र सिंह और उनके साथ शंभूनाथ सिंह अपने घर उमा नगर से शहर स्थित अपने प्रतिष्ठान के लिए निकले थे। इसी बीच अपराधियों ने अंधाधुंध गोली चलाकर अमरेंद्र सिंह और उनके सहयोगी शंभूनाथ को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।
छपरा, बिहार: शहर के उमा नगर में बुधवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। गोदरेज शोरूम के मालिक अमरेंद्र सिंह और उनके सहयोगी शंभूनाथ सिंह की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों अपने घर से व्यवसाय के लिए निकल ही रहे थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया।
गोलीबारी की यह वारदात इतनी अचानक और तेज थी कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों को गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही ASP राजकिशोर सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस फिलहाल आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है।
अमरेंद्र सिंह की राजनीतिक सक्रियता भी बनी चर्चा का विषय
अमरेंद्र सिंह सामाजिक रूप से एक जाने-माने चेहरे थे और उन्होंने पूर्व मेयर चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश की थी। उनकी हत्या को लेकर राजनीतिक एंगल की भी जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक परिवार या प्रशासन की ओर से हत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
छपरा में बढ़ते अपराध पर सवाल, 15 दिनों में दूसरी दिल दहला देने वाली घटना
उधर, छपरा के जलालपुर थाना क्षेत्र में भी हाल ही में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। शनिवार को पांच युवकों ने स्कूल से घर लौट रही नौ वर्षीय बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी। बच्ची को स्कूल के पास से अगवा कर 200 मीटर दूर झाड़ियों में ले जाया गया, जहां एक-एक कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।